पढ़ती-लिखती, दौड़ती-भागती, कैरियर बनाती लड़कियां। अस्त-व्यस्त-पस्त लेकिन मस्ती करती लड़कियां। सोचती, विचारती, तोलती बोलती, रास्ते बनाती, फैसले करती, आगे बढ़ती लड़कियां। अवहेलना करती, रूखी होती, कठोर बनती, सीढ़ियाँ चढ़ती लड़कियां। लीक तोड़ती, पर्दा हटाती, आँखें फैलाती, इनकार करती लड़कियां। ट्रेनिंग लेती, प्रदर्शन करती, इम्तिहान देती, प्रतिशत लाती, सफलता के झंडे गाड़ती लड़कियां। खेलती, जीतती, हारती, रोती फिर हँसती, पहाड़ चढ़ती लड़कियां। लोलुप आँखों, कंटीले रस्तों, खतरनाक जंगलों और भेड़ियों के बीच से गुजरती, सफरनामा लिखती लड़कियां। घूँघट वाली लड़कियों के देश मे यह दृश्य सिमट नही रहा है, फैलता जाता है। गुणवत्ता केवल लड़कों का उत्तराधिकार नही है, बल्कि अपने बेहतर स्वरूप मे लड़कियों के पास है। लड़की होना ही कई सारी अच्छी चीजों और अनेक जीवनमूल्यों की गारंटी हो जाता है। सौ मे से अस्सी-नब्बे लड़कियां अपना रास्ता देखती चलती हैं लेकिन उनकी नज़र आसमान पर होती है पर सौ मे से अस्सी-नब्बे लड़के आसमान मे देखते चलते हैं और नज़र लड़कियों पर रखते हैं। ये व्यक्तित्व का नही, मैन्यूफैक्चरिंग का ही अंतर है। रचनात्मकता का और सकारात्मकता का प्रतिशत लड़कियों मे अधिक होता है। इसीलिए प्रायः सभी इम्तिहानों मे लड़कियों की सफलता का प्रतिशत लड़कों के प्रतिशत से बेहतर होता है। मेरे लिए तो महसूस करने के दिन हैं। बच्चे अपने कार्यक्षेत्र मे आगे बढ़ रहे हैं। भावुक माता पिता की बच्चों पर पकड़ छूटने लगती है। लेकिन लड़कियों की एक लड़ाई अपने माँ बाप से भी है। पापा आप हमे कमजोर करते हैं। आई कैन डू। मै थोड़ा ज्यादा भाग्यशाली हूँ कि मेरे बेटे ने भी कहा आई कैन डू और बेटी ने भी कहा आई कैन डू। ....और मुझे भी अब लगने लगा है कि दे कैन डू। लेकिन ये तो घर का हाल है। गाँव -जवार का नाम, जिले- मुहल्ले का नाम, खित्ते-इलाके का नाम तो लड़कियां ही चमका रही हैं। अभी पीसीएस के रिजल्ट आए हैं। आईएएस के दो चार महीने मे आएंगे। बीएचयू के स्पंदन मे देख रहा हूँ, जीवन शिक्षा के विविध क्षेत्रों- कला, विज्ञान, शोध, दर्शन, संगीत, साधना सभी क्षेत्रों मे लड़कियों ने सक्षम दखल हासिल किया है। प्रतिष्ठा के प्रतिष्ठानों मे जगह बनाई है। और मर्दों की कही जाने वाली इस दुनियाँ मे, हमारे इर्द-गिर्द लड़कियों ने एक सबल और समर्थ संघर्ष खड़ा किया है। मै मानता हूँ कि लड़कियों कि लड़कों पर ये बढ़त तालियों के योग्य है......
No comments:
Post a Comment