Saturday, 19 March 2016

जिंदगी चल रही है

डीजे की धाँय धाँय आवाज किसी बारात का संकेत कर रही है। सामने से ट्रैफिक भी ठिठक रहा है। प्रह्लादघाट से राजघाट की ओर इस ढलान पर .....वो कोई बारात हो या वारदात.... कभी ट्रैफिक जाम नही होता smile emoticon बारात नीचे घाट की ओर से आ रही है। .....कहाँ बितवला ना हो रतिया कहाँ बितवला ना...! मतिया मरलस कवन सवतिया रतिया कहाँ बितवला ना...!! चालू भोजपुरिया सिंगार की इस धुन पर छोकरे मतवाले हुए पड़े हैं। एक तरफ का ट्रैफिक अब पूरी तरह से जाम है। सिर पर लाइट्स के डिजाइनर सेट्स लादे हुए ये बच्चे बारात मे सबसे आगे हैं। 8, 10, 12, 14 साल तक के हैं ये लड़के लड़कियां। फटे पुराने कपड़े पहने नंगे पैर निर्विकार भाव से, सड़क जाम करके नाचती हुई बारात का नेतृत्व कर रहे हैं। इधर इस सनकी को देखो। खाली एक काली सी सरकती हुई हाफ पैंट पहने सात आठ साल का ये बाल मजूर एक हाथ से ऊपर लाइट संभाले है, दूसरा हाथ कमर पर रखे है, मुंह मे न जाने क्या चबाते हुए मटक रहा है और बस मटक रहा है। यह दृश्य देखकर डीजे की कर्कशता का असर थोड़ा कम होता है। ट्रैफिक अब रेंग रहा है। सीने की धड़कनों को पछाड़ता डीजे बगल से गुजरता है। दूल्हे के दोस्त नशे मे हैं। तालियाँ पीट-पीटकर हंस रहे हैं और कमरतोड़ नाच नाच रहे हैं। इधर एड़ी से चोटी तक लक़दक़ सजी हुई ये लड़कियां हैं तो सही बारात मे ही पर बेचारी नाच नही पा रही हैं इसलिए इधर ट्रैफिक मे कुछ खोजती हैं। ट्रैफिक से कोई ग्रीन लेजर लाइट चमका रहा है। आँख बचाती हुई लड़कियां हंस रही है और शर्मा रही हैं। इन रौनको के बाद सबसे पीछे हैं दूल्हे राजा विथ सहबाला। बेचारा, अपने हिस्से की घोड़ी पर सवार....! ट्रैफिक खुल रहा है। ढलान दिख रही है। जिंदगी चल रही है। ........... 

No comments:

Post a Comment